सिरसा (हरियाणा), 3 अगस्त 2025 –हरियाणा रोडवेज की एक बस रविवार सुबह रानियां के बणी-करीवाला गांव के पास हादसे का शिकार हो गई। यात्रियों से भरी यह बस अनियंत्रित होकर खेतों में पलट गई, जिसमें करीब 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सामने से आ रही तेज रफ्तार कार को बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने बस को साइड किया, लेकिन बस नियंत्रण से बाहर होकर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। करीवाला गांव के ग्रामीणों ने दौड़कर मौके पर पहुंचकर बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। ड्राइवर विनोद कुमार और कंडक्टर भी घायल हुए हैं।
घायलों को तुरंत रानियां अस्पताल ले जाया गया, जहां से कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दी गई, जबकि कुछ को गंभीर हालत में सिरसा रेफर किया गया। बाकी यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य तक भेजा गया।
यह बस (HR 61 GV 9272) हरियाणा रोडवेज सिरसा डिपो की थी जो बणी गांव से सिरसा जा रही थी। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और रोडवेज विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और दुर्घटना की जांच शुरू की। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़कों की खराब हालत और कम चौड़ाई के कारण ऐसे हादसे हो रहे हैं। उन्होंने सड़क एवं भवन निर्माण विभाग से क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत की मांग की है।