फरीदाबाद, 3 अगस्त 2025: हरियाणा की साइबर पुलिस ने इंदौर से एक BA थर्ड ईयर के छात्र अनिकेत चौधरी (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपने जीजा का बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराने का आरोप है, जिसके जरिए IPO में निवेश का झांसा देकर 11 लाख रुपए की ठगी की गई।
आईपी कॉलोनी निवासी वीनित गर्ग ने पुलिस को शिकायत दी कि उसे एलएसवी मैनेजमेंट सर्विसेज के नाम से कॉल आई, जिसने खुद को ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी का कर्मचारी बताया और IPO में निवेश के बदले मोटे मुनाफे का लालच दिया। वीनित ने झांसे में आकर 11 लाख रुपये निवेश कर दिए, जिसके बाद ठगों ने संपर्क तोड़ दिया।
जांच के दौरान साइबर थाना सेंट्रल ने आरोपी को इंदौर के नगिन नगर रोड से दबोचा। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने जीजा विजय का बैंक अकाउंट साइबर ठगों को सौंपा, जिसमें 50 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है, और आगे की जांच जारी है।