हरियाणा को हरा-भरा,स्वच्छ बनाने के लिए सरकार कटिबद्ध : नायब सैनी

हरियाणा को हरा-भरा,स्वच्छ बनाने के लिए सरकार कटिबद्ध : नायब सैनी

मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद में मेगा पौधारोपण अभियान की शुरुआत की

कृष्ण कौशिक

फरीदाबाद। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं। दोनों में संतुलन बनाकर ही स्थायी विकास संभव है। उन्होंने यह बात फरीदाबाद के सेक्टर-9 स्थित हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ग्रीन बेल्ट में आयोजित मेगा पौधारोपण अभियान के शुभारंभ अवसर पर कही। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशभर में 75 “नमो वन” विकसित किए जा रहे हैं, ताकि हरियाणा को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।

उन्होंने बताया कि हरित जैव-विविधता कॉरिडोर के तहत पौधारोपण के साथ “बर्ड्स ऑफ ग्रीन कॉरिडोर” भी विकसित किया जा रहा है। यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ परिवेश सुनिश्चित करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेड़ सिर्फ लकड़ी नहीं बल्कि जीवन का आधार हैं। स्वच्छ हवा, पर्याप्त वर्षा और धरती पर जीवन की निरंतरता के लिए वृक्षारोपण आवश्यक है।

फरीदाबाद प्रदेश की आर्थिक धुरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि फरीदाबाद प्रदेश की आर्थिक धुरी है। यहां के उद्यमियों और श्रमिकों ने इसे विकास की ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। लेकिन विकास की इस दौड़ में प्रकृति से बहुत कुछ लिया गया है, अब उसे लौटाने का समय आ गया है। उन्होंने चेताया कि ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा हैं, इसलिए वृक्षारोपण समय की मांग है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 जून 2024 को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत की थी। इसके पहले चरण में हरियाणा में 1.60 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य था, लेकिन प्रदेश ने बढ़कर 1.87 करोड़ पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नई मिसाल कायम की। इस वर्ष दूसरे चरण में भी 1.60 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक वन विभाग द्वारा 1.45 करोड़ और अन्य विभागों द्वारा 50 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं।

हरित अरावली कार्य योजना
मुख्यमंत्री ने बताया कि दक्षिण हरियाणा में हरित अरावली कार्य योजना लागू की गई है, जिसके अंतर्गत औषधीय पौधों के संरक्षण व संवर्धन हेतु प्रदेश में 56 हर्बल पार्क, 4 नगर वन और 18 ऑक्सी वन विकसित किए गए हैं।

नमो वन अभियान प्रधानमंत्री के संकल्प को समर्पित : विपुल गोयल
कार्यक्रम में मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि नमो वन कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को समर्पित है। पहले यह ग्रीन बेल्ट कूड़े से अटी पड़ी थी, जिसे प्रशासन ने साफ करवाकर नमो वन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत 3.50 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे और आने वाले समय में पूरे फरीदाबाद जिले की सीमा तक 20 लाख पौधे लगाकर इसे “ऑक्सीजन चैंबर” बनाया जाएगा।

राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से फरीदाबाद को लाखों पौधे लगाकर हरा-भरा बनाया जाएगा।

इस अवसर पर बल्लभगढ़ से विधायक मूलचंद शर्मा, मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज रामपाल, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली सहित कई अधिकारी व गणमान्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *