चमत्कारी शिवलिंग: मांदकौल गांव में आस्था का अद्भुत प्रतीक, जहां पूरी होती हैं हर मन्नत
रिपोर्ट: कृष्ण कौशिक | मुद्दे की बात न्यूज़ | हरियाणा
हरियाणा के जिला पलवल स्थित पृथला विधानसभा क्षेत्र का एक छोटा सा गांव मांदकौल (Google Location)—यहां स्थित है एक चमत्कारी शिवलिंग, जिसे स्थानीय लोग उमा-पार्वती के साक्षात हस्ताक्षर मानते हैं। यह कोई साधारण शिवलिंग नहीं, बल्कि श्रद्धा और चमत्कार की जीवंत मिसाल है, जिसके दर्शन मात्र से भक्तों को आध्यात्मिक शांति और कृपा का अनुभव होता है।
कथा जो जोड़ती है इतिहास से आस्था तक
करीब ढाई सौ साल पहले, इस स्थान पर एक विशाल हींस की झाड़ी हुआ करती थी। एक बार बारिश के दौरान मिट्टी के कटाव से एक काले पत्थर का ऊपरी हिस्सा दिखाई दिया। ग्रामीणों ने उसे साधारण पत्थर समझकर कृषि औजारों की धार बनाने के लिए उपयोग करना शुरू कर दिया।
लेकिन एक दिन जब तेज बारिश के बाद वह पत्थर और स्पष्ट दिखने लगा, तो लोगों ने इसकी असाधारण आकृति को देखकर गंभीरता से ध्यान देना शुरू किया। अपनी जिज्ञासा शांत करने के लिए ग्रामीणों ने अपने कुल पुरोहित पंडित रामजीलाल शर्मा को बुलाया, जिन्होंने इसे पहचानते ही कहा:
“यह कोई साधारण पत्थर नहीं, यह तो स्वयं उमा-महेश्वर के हस्ताक्षर हैं।”
शिवलिंग का नहीं मिला अंतिम छोर
शिवलिंग को गांव के मंदिर में लाने के लिए जब जमीन खोदी जाने लगी, तो एक गहरा जलस्रोत निकल आया, लेकिन शिवलिंग का अंतिम छोर आज तक नहीं मिल पाया। यह रहस्य और आस्था को और गहरा कर गया।
तब पंडित जी के आदेश पर वहीं पर एक भव्य शिव मंदिर (शिवाला) का निर्माण हुआ, जो आज भी भोलेनाथ के चमत्कारों की गवाही देता है।
मन्नतों का स्थान, श्रद्धा का केंद्र
महाशिवरात्रि पर यहां विशेष कांवड़ यात्रा होती है, जिसमें श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लाकर भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं।
स्थानीय मान्यता है कि:
“जो भक्त यहां आकर सच्चे मन से मन्नत मांगता है, भोलेनाथ उसकी हर मनोकामना जरूर पूरी करते हैं।”
दर्शन मात्र से मिलती है शांति
यह शिवलिंग देखने में जितना अद्भुत है, उतनी ही शक्तिशाली है इसकी ऊर्जा और उपस्थिति। यहां आने वाला हर भक्त कहता है कि जैसे ही वह मंदिर में प्रवेश करता है, उसे असीम आनंद और शांति का अनुभव होता है।
शिव स्तुति:
कर्पूर गौरम करुणावतारं,
संसार सारं भुजगेन्द्र हारं।
सदा वसंतं हृदयारविन्दे,
भवं भवानी सहितं नमामि॥