कृष्ण कौशिक
फरीदाबाद। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा है, और इसका मार्ग “वोकल फॉर लोकल, आत्मनिर्भरता और स्वदेशी” से होकर जाता है। सीएम वीरवार को फरीदाबाद के सूरजकुंड में आयोजित दिवाली मेला-2025 के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने विजय दशमी की बधाई देते हुए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर नमन किया। सीएम ने कहा कि इस बार दिवाली मेला का थीम “आत्मनिर्भर भारत-स्वदेशी मेला एवं वी यूनाइट फैमिलीज” रखा गया है। जिस प्रकार स्वतंत्रता आंदोलन को स्वदेशी के मंत्र से ताकत मिली थी, उसी प्रकार भारत की समृद्धि भी स्वदेशी से ही संभव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर तक चलने वाला यह मेला उत्सव और मनोरंजन के साथ-साथ स्थानीय व्यापार, संस्कृति और कला को बढ़ावा देने का सशक्त मंच है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मेला में प्रदर्शित मेड इन इंडिया उत्पाद खरीदकर देश के शिल्पकारों को प्रोत्साहित करें और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में योगदान दें।

सीएम ने बताया कि देशभर में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान चलाया जा रहा है, जो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर तक जारी रहेगा।
“स्वदेशी अपनाएंगे, देश को आत्मनिर्भर बनाएंगे” : डॉ. अरविंद शर्मा

सहकारिता, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देश तेजी से स्वदेशी उत्पादों की ओर बढ़ रहा है। हरियाणा सरकार ने इस दिशा में मेलों के आयोजन का निर्णय लिया है। मैंगो मेला और राखीगढ़ी मेला के बाद अब सूरजकुंड में दिवाली मेला आयोजित किया जा रहा है, जिसमें लगभग 450 स्टॉल पर स्वदेशी उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय प्रधानमंत्री ने जीएसटी दरों को सरल बनाकर देशवासियों को बड़ा तोहफा दिया है। साथ ही लोगों से अपील की कि स्वदेशी अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करें।
कार्यक्रम में अनेक गणमान्य उपस्थित
इस अवसर पर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर, पूर्व मंत्री एवं विधायक मूलचंद शर्मा, पर्यटन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव कला रामचंद्रन, हरियाणा पर्यटन निगम के एमडी डॉ. शालीन, उपायुक्त विक्रम सिंह यादव सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे।
