अग्रवाल कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

अग्रवाल कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

कृष्ण कौशिक, गुड़गांव टुडे
फरीदाबाद। अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ में विद्यार्थियों को विभिन्न देशों की संस्कृति और परंपराओं से अवगत कराने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 18 देशों की सुपरमॉडल्स ने अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक विविधता का मनमोहक प्रदर्शन कर सभी का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम का आयोजन अग्रवाल विद्या प्रचारिणी सभा के प्रधान एवं कॉलेज गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार गुप्ता तथा महासचिव श्री दिनेश कुमार गुप्ता के सद्प्रेरणा से किया गया। कॉलेज के कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. संजीव कुमार गुप्ता एवं विंग-1 इंचार्ज डॉ. सचिन गर्ग के मार्गदर्शन में यह आयोजन विद्यार्थियों में बहुमुखी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री राजेश दुग्गल (जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस), अति विशिष्ट अतिथि श्री विक्रम सिंह (डिप्टी कमिश्नर) तथा विशिष्ट अतिथि श्री राजकुमार वालिया (डीसीपी बल्लभगढ़) उपस्थित रहे। साथ ही श्री गोपाल शर्मा और श्री टीपर चंद सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।

भारत, किरगिस्तान, रूस, कजाकिस्तान, इजिप्ट, न्यूज़ीलैंड, एस्टोनिया, कोरिया, अमेरिका और कई अन्य देशों से आई सुपरमॉडल्स ने नृत्य, गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने देशों की अनूठी परंपराओं को पेश किया। विद्यार्थियों ने भी अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के साथ संवाद कर उत्साहपूर्वक सहभागिता दिखाई।

भारतीय संस्कृति की प्रस्तुति के दौरान जब विदेशी मॉडल्स ने हरियाणवी लोकगीतों पर नृत्य किया, तो माहौल पूरी तरह भारतीय रंग में रंग गया। ऐसा प्रतीत हुआ मानो पूरा विश्व अग्रवाल कॉलेज के मंच पर एक साथ जुड़ गया हो।

मंच सजावट, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं दर्शकों की बैठने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल बना दिया।

कॉलेज प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों और आयोजक समिति का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम छात्रों को वैश्विक संस्कृति से जोड़ने और सांस्कृतिक शिक्षा प्रदान करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. सुप्रिया ढांडा ने प्रभावशाली ढंग से किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *