नई दिल्ली, 9 सितम्बर (कृष्ण कौशिक): देश के उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए (NDA) उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने जीत दर्ज की है। राधाकृष्णन को कुल 452 वोट मिले, जबकि इंडिया गठबंधन (INDIA) के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट हासिल हुए। इस तरह राधाकृष्णन ने 152 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।

एनडीए ने 68 वर्षीय सीपी राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया था, जबकि इंडिया गठबंधन ने 79 वर्षीय बी. सुदर्शन रेड्डी को प्रत्याशी घोषित किया था। इस चुनाव से तेलंगाना की बीआरएस और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की पार्टी बीजेडी ने दूरी बनाए रखी। राज्यसभा में बीआरएस के 4 और बीजेडी के 7 सांसद हैं।
लोकसभा में इकलौते सांसद वाली शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब में आई बाढ़ का हवाला देते हुए मतदान में हिस्सा नहीं लिया। वहीं, वाईएसआरसीपी (YSRCP) के 11 सांसद पहले ही एनडीए उम्मीदवार के समर्थन का ऐलान कर चुके थे।

राधाकृष्णन अब जगदीप धनखड़ की जगह देश के उपराष्ट्रपति पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर अचानक इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल अगस्त 2027 तक निर्धारित था।